
*डीएम मयूर दीक्षित दिन-रात व्यवस्थाओं की कर रहे निगरानी
*एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने संभाली सुरक्षा की कमान
प्रमोद गिरि/हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन कांवड़ मेला यात्रा को सकुशल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की दिशा में पूरी गंभीरता के साथ जुटा हुआ है। कांवड़ मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के हरिद्वार पहुंचने के बावजूद इस बार यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारियां प्रभावी नजर आ रही हैं। हाईवे सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों की आम नागरिकों और स्थानीय व्यापारियों द्वारा सराहना की जा रही है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय कर वह कांवड़ यात्रा से जुड़े विभिन्न व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं सहित कांवड़ यात्रियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग दिखाई दे रहा है। अधिकारियों को मौके पर व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों को संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किया गया है। यातायात पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस लगातार प्रमुख मार्गों पर व्यवस्था संभाल रही है, जिससे कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
