
हरि न्यूज
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने रुद्रपुर में आयोजित 20वीं राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे शतरंज खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के अंडर-7 चैंपियन वर्ग में देहरादून के कियान सिंघल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जबकि अंडर-9 ओपन वर्ग में हरिद्वार के नक्ष चौहान ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने दोनों विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि बुद्धि, धैर्य, एकाग्रता और रणनीतिक क्षमता का विकास करने वाला खेल है। छोटी उम्र में बच्चों का शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों की ओर बढ़ना उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। शतरंज खेलने से बच्चों में किसी भी परिस्थिति में धैर्यपूर्वक निर्णय लेने, परिस्थितियों का विश्लेषण करने और आगे की रणनीति तैयार करने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के प्रति भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। खेल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष रूप से शतरंज जैसे खेल बच्चों की बौद्धिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकते हैं।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों के अभिभावकों और प्रशिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे उनके माता-पिता और गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विशाल गर्ग ने भी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शतरंज बच्चों के मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मनोज मंत्री, अभिषेक सिंघल, आबकारी अधिकारी दर्शन सिंह चौहान, अर्चित कुकरेती, अनुराग मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
