
हरि न्यूज
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में विकसित वेंडिंग जोनों में व्यवस्था सुदृढ़ करने की कार्रवाई तेज कर दी है। पूर्व फेरी समिति के निर्णय के अनुसार वरिष्ठ लिपिक शिव सिंह चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने प्रथम वेंडिंग जोन में कियोस्क के आगे छह फुट की सीमा निर्धारित करते हुए लाल पट्टी लगाकर अनुशासन रेखा चिन्हित की और लाभार्थियों को निर्धारित सीमा का पालन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान लघु व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं फेरी समिति सदस्य संजय चोपड़ा ने सभी वेंडिंग जोनों में बिजली, पानी, शौचालय, सीसीटीवी, चौकीदार तथा बरसात से बचाव के लिए कियोस्क के आगे तीन फुट का छज्जा लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में स्ट्रीट वेंडर्स को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही कांवड़ मेले के दौरान नगर निगम से लाइसेंस प्राप्त सभी स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित ढंग से कारोबार की अनुमति देने और पीएम स्वनिधि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की भी मांग की।
कार्रवाई के दौरान फेरी समिति के सदस्य सुमन गुप्ता, आशा कश्यप, कमल, तस्लीम, मोहनलाल, जय सिंह बिष्ट, मनीष शर्मा और सुरेश ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
