
हरि न्यूज
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के विशेष प्रयासों से नगर निगम हरिद्वार ने कोटक बैंक के सहयोग से घाटों की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के लिए अत्याधुनिक स्क्रबर एवं ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों की व्यवस्था की है। इन मशीनों का मुख्य उद्देश्य घाट क्षेत्रों की नियमित, त्वरित एवं उच्च गुणवत्ता वाली सफाई सुनिश्चित करते हुए श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।

इस विशेष पहल का शुभारंभ महापौर श्रीमती किरण जैसल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “हरिद्वार केवल एक शहर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। हमारी प्राथमिकता है कि कांवड़ मेला-2026 और आगामी कुंभ मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिले। आधुनिक स्क्रबर एवं ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से घाटों की सफाई पहले से अधिक प्रभावी और तेज़ होगी। नगर निगम निरंतर आधुनिक तकनीक को अपनाकर हरिद्वार को देश के सबसे स्वच्छ एवं सुंदर तीर्थस्थलों में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
इस अवसर पर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, प्रोजेक्ट इंजीनियर योगेश मिश्रा तथा सफाई निरीक्षक आकाश कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम हरिद्वार द्वारा कांवड़ मेला-2026 से पूर्व की गई यह विशेष व्यवस्था स्वच्छता प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार के प्रयासों से उपलब्ध कराई गई इन आधुनिक मशीनों के माध्यम से घाट क्षेत्रों की सफाई अधिक प्रभावी, तेज एवं व्यवस्थित ढंग से की जा सकेगी, जिससे हरिद्वार की धार्मिक गरिमा, स्वच्छता एवं सौंदर्य को नई मजबूती मिलेगी तथा कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध होगा।
