
हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने जनसेवा की दिशा में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 205 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

थाना सिडकुल पुलिस द्वारा सावन माह में आयोजित एक कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने हरिद्वार पुलिस की तत्परता और मेहनत की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में सिडकुल क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत विभिन्न राज्यों से आए कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के मोबाइल भी शामिल हैं। इन मोबाइलों को उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से तकनीकी माध्यमों और सतत प्रयासों के जरिए बरामद किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन हर व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में लोगों की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटाना पुलिस के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
थाना सिडकुल पुलिस ने बीते 11 महीनों में आठवीं बार बड़ी संख्या में खोए हुए मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए हैं। वर्ष 2026 में अब तक कुल 475 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। मोबाइल रिकवरी के मामले में थाना सिडकुल जनपद और प्रदेश में अग्रणी स्थान पर बना हुआ है।
बरामद मोबाइलों में 4 आईफोन, 38 ओप्पो, 15 नथिंग, 35 सैमसंग, 32 रियलमी, 12 एमआई, 44 वीवो, 19 वनप्लस और 6 आईक्यूओओ कंपनी के मोबाइल शामिल हैं।
इस अभियान में थाना प्रभारी अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट और हेड कांस्टेबल विवेक यादव की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी आमजन की खोई हुई संपत्ति शीघ्र वापस दिलाने और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।
