
*17 जुलाई का कार्यक्रम युवाओं के भविष्य, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को नई दिशा देने का कार्य करेगा:सुरभि द्विवेदी
*कांग्रेस लोकतंत्र,संविधान और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही:पूनम पालीवाल भगत
हरि न्यूज
हरिद्वार। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की प्रदेश सचिव पूनम पालीवाल भगत के हरिद्वार स्थित आवास पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण आगमन हुआ। देहरादून कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पूनम पालीवाल भगत के आवास पर भारतीय युवा कांग्रेस उत्तराखंड की प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव सुरभि द्विवेदी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अविनाश, उत्तराखंड सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव हरनीत कौर बरार तथा युवा कांग्रेस के पूर्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस उत्तराखंड की प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव सुरभि द्विवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड आगमन राज्य के युवाओं, छात्रों और आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं, छात्रों, किसानों और आम नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई का कार्यक्रम युवाओं के भविष्य, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को नई दिशा देने का कार्य करेगा। इसके लिए पूरे प्रदेश में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।
सुरभि द्विवेदी ने कहा कि उत्तराखंड के प्रत्येक जिले से बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए गांव-गांव और बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाएं तथा अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम में भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की प्रदेश सचिव पूनम पालीवाल भगत ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार सहित पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह है और सभी संगठनात्मक इकाइयां पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है तथा राहुल गांधी का संदेश प्रदेश के युवाओं और आम जनता तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
पूनम पालीवाल भगत ने कहा कि हरिद्वार से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड की राजनीति में नई ऊर्जा का संचार करेगा तथा युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का अवसर प्रदान करेगा।
बैठक के दौरान नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। सभी नेताओं ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया और कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक का माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण रहा और नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती तथा जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
