
हरि न्यूज
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए झुमके तथा टूटे हुए मोबाइल फोन के पार्ट्स और बैटरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। आरोप है कि चारों आरोपी तमंचे के बल पर घर में घुसे और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसके कानों के झुमके लूटकर फरार हो गए। अगले दिन 8 जुलाई को पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए, आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी गई।
14 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पथरी जंगल के समीप दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम (24 वर्ष), शेखर (22 वर्ष) और अरुण (23 वर्ष), निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार तथा विकास (25 वर्ष), निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक अवैध चाकू, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए एक जोड़ी झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद की है।
इस संबंध में थाना पथरी में मुकदमा संख्या 319/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
