
*सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर शांति भंग करने की आशंका में चार महिलाएं हिरासत में*

हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर शांति भंग करने की आशंका के चलते चार महिलाओं को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 26/27 जून 2026 की रात चौकी मायापुर प्रभारी अपनी टीम के साथ शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट की ओर होटल, ढाबों, धर्मशालाओं की चेकिंग तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे गेट के सामने दो पक्षों की महिलाएं आपस में गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू मिलीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच आने-जाने वाले लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके कारण मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शांति व्यवस्था भंग होने तथा किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से चारों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने सभी महिलाओं के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126, 135 एवं 170 के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हिरासत में ली गई महिलाएं हरिद्वार, बिजनौर, दिल्ली और चंडीगढ़ मूल निवासी हैं तथा वर्तमान में हरिद्वार क्षेत्र में रह रही थीं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक ऋषिकांत पतवाल, महिला अपर उपनिरीक्षक हेमलता पाण्डेय, महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा, महिला होमगार्ड प्रीति तथा कांस्टेबल सचिन शामिल रहे।
