
हरि न्यूज
हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने झबरेड़ा विधानसभा के कृष्णा नगर मंडल में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
बैठक में बीएलए-1 एवं मंडल पदाधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण तथा मतदाता पंजीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस दौरान मतदाता सूचियों का वितरण भी किया गया। राज्यमंत्री सुनील सैनी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा अपात्र अथवा नियमानुसार हटाए जाने योग्य नामों के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करें, जिससे मतदाता सूची अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बन सके।
बैठक में बीएलए-1 सुशील त्यागी, राजपाल, डॉ. हर्ष दौलत, वैजयंती माला, आदित्य बृजवाल, मंडल अध्यक्ष गुरजिंदर, मंडल महामंत्री अमित सैनी सहित मंडल के सभी पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख, बीएलए-2 एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
