
हरि न्यूज
हरिद्वार। कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। इसका उत्कृष्ट उदाहरण कोतवाली ज्वालापुर में तैनात उप निरीक्षक रणवीर चंद रमोला के पुत्र मनीष रमोला ने प्रस्तुत किया है। मनीष रमोला ने UKPCS-2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उनका चयन डिप्टी एसपी पद के लिए हुआ है।
मनीष रमोला की इस उल्लेखनीय सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने कैंप कार्यालय रोशनाबाद में पिता-पुत्र को सम्मानित कर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने मनीष को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि मनीष रमोला की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि समर्पण और परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
मनीष रमोला की इस सफलता से पुलिस विभाग और क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
