
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर इसे “बेमिसाल और उपलब्धियों से भरा कार्यकाल” बताया
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री सुनील सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर इसे “बेमिसाल और उपलब्धियों से भरा कार्यकाल” बताया है।
राज्यमंत्री सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया गया, वहीं स्वच्छ भारत मिशन के जरिए पूरे देश में स्वच्छता का व्यापक संदेश पहुंचा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जबकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर शौचालय निर्माण कर स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को आवास उपलब्ध कराए गए।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिलों में विशेष स्थान रखते हैं और उनके नेतृत्व में उन्हें भी उत्तराखंड सरकार में सेवक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, जिसे उन्होंने अपना सौभाग्य बताया।
उन्होंने कहा कि देश में डिजिटल क्रांति आई है और जो असंभव माना जाता था, जैसे अनुच्छेद 370 हटाना, वह भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संभव हुआ। इसके बाद जम्मू-कश्मीर विकास की नई राह पर अग्रसर है।
राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण देश की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। साथ ही कश्मीर से कन्याकुमारी तक सड़कों के व्यापक नेटवर्क से आवागमन सुगम हुआ है।
शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह नीति देश के युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रही है।
राज्यमंत्री सुनील सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किए हैं तथा जनता से किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और देश के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना भी की।
