
लेखक:-डॉ. गरिमा भाटी
फ़रीदाबाद , हरियाणा
आजकल समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें लगातार देखने को मिल रही हैं जो भीतर तक झकझोर देती हैं। कहीं पति-पत्नी के आपसी विवाद में एक पुरुष छत से कूदकर अपनी जान दे देता है, तो कहीं एक शिक्षित डॉक्टर दंपति किसी समारोह से लौटते समय मामूली मनमुटाव के बीच इस हद तक भड़क जाते हैं कि पति गाड़ी सड़क किनारे रोककर नहर में छलांग लगा देता है। इन घटनाओं को पढ़कर मन बार-बार यही सोचने पर मजबूर हो जाता है कि आखिर हमारे समाज को हो क्या गया है? क्या सचमुच हमारी सहनशीलता इतनी कम हो चुकी है कि एक क्षणिक गुस्सा, तनाव या विवाद जीवन से बड़ा लगने लगा है? यदि तुलना की जाए तो हमारे माता-पिता और पिछली पीढ़ियों ने हमसे कहीं अधिक कठिन जीवन जिया। उनके पास सीमित साधन थे, कम आमदनी थी, सुविधाएँ कम थीं, जीवन में संघर्ष अधिक था। फिर भी उनके रिश्तों में एक धैर्य था, कठिनाइयों से लड़ने की शक्ति थी, और सबसे बड़ी बात यह कि जीवन को लेकर एक स्थिरता थी। आज हमारे पास बेहतर घर हैं, महंगी गाड़ियाँ हैं, आधुनिक तकनीक है, मनोरंजन के अनगिनत साधन हैं, पहले से अधिक कमाई है, लेकिन इसके बावजूद मनुष्य भीतर से पहले से कहीं अधिक अस्थिर, अकेला और बेचैन दिखाई देता है।
दरअसल हमने अपने जीवन में सुविधाओं का विस्तार तो बहुत तेजी से किया, लेकिन उसी गति से जीवन की जटिलताएँ भी बढ़ती चली गईं। आज हर व्यक्ति बस दौड़ रहा है। सुबह उठने से लेकर रात सोने तक हम बस भागे जा रहे हैं। काम का दबाव, सामाजिक अपेक्षाएँ, आर्थिक महत्वाकांक्षाएँ और दूसरों से बेहतर दिखने की होड़ ने इंसान के भीतर की शांति को धीरे-धीरे निगल लिया है। अब लोग बातचीत कम और प्रतिक्रिया अधिक देने लगे हैं। छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा, रिश्तों में अधीरता, तुरंत निर्णय लेना और भावनात्मक असंतुलन सामान्य होता जा रहा है। हम सुनना भूल गए हैं, समझना भूल गए हैं और सबसे अधिक, ठहरना भूल गए हैं। यही कारण है कि आज एक छोटा-सा विवाद भी कई लोगों को जीवन समाप्त कर देने जितना बड़ा लगने लगता है।
सोशल मीडिया ने भी इस मानसिक स्थिति को कहीं न कहीं और जटिल बनाया है। हर व्यक्ति दूसरों की “खुशहाल” तस्वीरें देखकर अपने जीवन को अधूरा महसूस करने लगा है। हर कोई सफल दिखना चाहता है, हर कोई बेहतर जीवन जीते हुए दिखाई देना चाहता है। लेकिन इस प्रदर्शन के पीछे की मानसिक थकान और अकेलेपन की परतें लगातार मोटी होती जा रही हैं। लोग अपने दुखों को साझा करने के बजाय उन्हें भीतर दबाकर मुस्कुराने की आदत डाल चुके हैं। शायद यही वजह है कि जब कुंठाएँ और नकारात्मक विचार हमारे भीतर बहुत अधिक जमा हो जाती हैं, तब इंसान अचानक कोई ऐसा कदम उठा लेता है जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती।
सबसे दुखद बात यह है कि हमने जीवन की गुणवत्ता पर ध्यान देना लगभग छोड़ दिया है। हम पैसे कमाने, बड़ा घर बनाने, महंगी चीज़ें खरीदने और सामाजिक प्रतिष्ठा पाने में इतने व्यस्त हो गए हैं कि मानसिक शांति, रिश्तों में अपनेपन और आत्मिक संतुलन को पीछे छोड़ बैठे हैं। हमने अपने बच्चों को बेहतर स्कूल, बेहतर कपड़े और बेहतर गैजेट्स तो दिए, लेकिन क्या हमने उन्हें धैर्य, संवाद और भावनात्मक संतुलन सिखाया? क्या हमने उन्हें यह बताया कि असफलता जीवन का अंत नहीं होती? क्या हमने खुद अपने जीवन में ठहराव और मानसिक स्वास्थ्य को महत्व दिया? शायद नहीं।
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने जीवन की दिशा पर पुनः विचार करें। हमें यह समझना होगा कि जीवन केवल उपलब्धियों, बड़े वेतन और ज़्यादा सुविधाओं का नाम नहीं है। यदि मन शांत नहीं है, रिश्ते सुरक्षित नहीं हैं और व्यक्ति का मन टूटा हुआ है, तो बाहरी सफलता का कोई अर्थ नहीं रह जाता। हमें अपने घरों में संवाद का वातावरण बनाना होगा, बच्चों एवं स्वयं को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना होगा और सबसे महत्वपूर्ण, स्वयं को यह याद दिलाना होगा कि हर समस्या का समाधान मृत्यु नहीं हो सकती। जीवन की सुंदरता उसकी पूर्णता में नहीं, बल्कि उसके संघर्षों के बीच जीते रहने की क्षमता में होती है। शायद अब समय आ गया है कि हम जीवन को तेज़ गति से जीने के बजाय ठहर कर सही ढंग से जीना सीखें।
