
*मंदिर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार लोहट के सहयोग से हुआ आयोजन, समाज के लोगों ने महर्षि वाल्मीकि को किया नमन
हरि न्यूज
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। हरकी पैड़ी के समीप स्थित श्री वाल्मीकि मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने महर्षि वाल्मीकि को नमन कर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता,भाईचारे और समरसता का संदेश दिया गया।
श्री वाल्मीकि मंदिर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार लोहट के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न लोगों ने भाग लिया। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनकी शिक्षाओं और भारतीय संस्कृति में उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं आज भी समाज को सत्य, सदाचार, मर्यादा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। इसमें भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और मर्यादा का वर्णन मिलता है। महर्षि वाल्मीकि के विचार समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ ही लोगों को सद्भाव और समानता की भावना से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। मंदिर प्रबंध कमेटी की ओर से आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष अरुण कुमार लोहट , मुकेश चुटेला, आशीष चंचल, सुनील चंचल, दीपक लोहट, अनिल भगत, हप्पी, ध्रुव, हरी, सुधांशु, सिद्धार्थ लोहट, बलवीर कुमार, पिंकी, अमित, रुद्रांश आदि मौजूद रहे।



