
सर्किट हाउस में वेद प्रकाश विश्वकर्मा और शुभम धीमान ने माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर किया अभिनंदन
हरि न्यूज
बिजनौर। भाजपा प्रदेश मंत्री प्रमेन्द्र जांगड़ा को मुरादाबाद जिले का प्रभारी बनाए जाने के बाद उनके प्रथम मुरादाबाद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर बिजनौर से मुरादाबाद पहुंचे भाजपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष वेद प्रकाश विश्वकर्मा तथा मंडल अध्यक्ष भाजपा ओबीसी मोर्चा शुभम धीमान ने सर्किट हाउस में प्रमेन्द्र जांगड़ा का माल्यार्पण कर एवं शॉल ओढ़ाकर भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री एवं मुरादाबाद जिला प्रभारी प्रमेन्द्र जांगड़ा ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और संगठन के माध्यम से उनके समाधान के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष वेद प्रकाश विश्वकर्मा एवं मंडल अध्यक्ष भाजपा ओबीसी मोर्चा शुभम धीमान ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रमेन्द्र जांगड़ा को मुरादाबाद जिले का प्रभारी बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा दी गई जिम्मेदारी संगठन के प्रति उनके अनुभव और कार्यशैली पर विश्वास को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं और पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देते रहेंगे। उन्होंने प्रमेन्द्र जांगड़ा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय, संगठन की मजबूती और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



