
हरि न्यूज
हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, आर्य नगर स्थित चाणक्य शाखा के स्वयंसेवकों द्वारा विगत दिवस अनुराग पैलेस, ज्वालापुर में भव्य एवं संस्कारमय परिवार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, मातृशक्ति, बच्चों एवं परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं परिवारजनों का स्वयंसेवकों द्वारा पटका पहनाकर एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, त्याग एवं संस्कारों पर आधारित विभिन्न प्रेरणादायी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

स्वयंसेवकों द्वारा “निज गौरव को, निज वैभव को, क्यों हिंदू बहादुर भूल गए” गीत की वाद्य यंत्रों के साथ सामूहिक मंच प्रस्तुति दी गई, जिसने वातावरण को राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत कर दिया। वहीं वीरांगना पन्नाधाय के त्याग और बलिदान पर आधारित लघु नाटिका ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। पन्नाधाय द्वारा अपने पुत्र चंदन के बलिदान की मार्मिक प्रस्तुति ने मंडप में उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं परिवारजनों की आंखों में भी आंसू ला दिए। पन्नाधाय की भूमिका निभा रहीं रेनू ने अपने सशक्त अभिनय से मातृत्व, त्याग और राष्ट्रधर्म की भावना को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला संघचालक रोहिताश कुंवर चौहान की प्रस्तुति ने भी उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर जिला संघचालक डॉ. नागयान ने परिवार में संस्कार, संस्कृति एवं भारतीय जीवन मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार ही संस्कारों की प्रथम पाठशाला है। उन्होंने परिवारों में आपसी संवाद, आत्मीयता एवं भारतीय परंपराओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

विभाग प्रचारक राकेश ने अपने ओजस्वी वक्तव्य के माध्यम से राष्ट्रभाव, सामाजिक समरसता एवं परिवार की भूमिका पर प्रकाश डाला। उनके द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति का संचार कर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा चलाए जा रहे कुटुंब प्रबोधन अभियान के महत्व को बताते हुए कहा कि संस्कारित एवं सुदृढ़ परिवार ही सशक्त समाज और राष्ट्र की आधारशिला है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी सतीश त्यागी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए परिवार एवं समाज में संस्कारों के प्रसार को समय की आवश्यकता बताया।
समारोह के अंत में नगर संघचालक अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुनेश चौहान (जिला व्यवस्था प्रमुख), नगर प्रचारक तनुज, उमेश मिश्रा, डॉ. अनुराग (नगर कार्यवाह), अमरेश, राजेंद्र रुहेला, ब्रह्मपाल, देवी प्रसाद, धनवीर, वेदपाल, सतीश गोला, सतीश चौहान, सतीश गुप्ता, डॉ. आलोक, डॉ.अश्वनी, कुंवर पाल, अधिवक्ता कुशल पाल, हरदम सिंह, दीपक, मनोज, कार्तिक, प्रमोद, बृज किशोर, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं परिवारजन उपस्थित रहे।
परिवार मिलन समारोह ने भारतीय संस्कृति, संस्कार, त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं पारिवारिक एकता का संदेश देते हुए उपस्थित सभी परिवारों में नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार किया।
