
*बिरला घाट पर मेला प्रशासन और धर्मशाला रक्षा समिति की बैठक, अभियान को मिला सामाजिक संगठनों का समर्थन
*कुंभ मेला-2027 को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए विशेष पहल जारी:दयानन्द सरस्वती
हरि न्यूज
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में धर्मनगरी हरिद्वार को आकर्षक स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत शहर के मठ-मंदिरों, आश्रमों, धर्मशालाओं, होटलों, रैन बसेरों और आवासीय भवनों को पीले रंग से सजाने की मुहिम शुरू की गई है। इस पहल के समर्थन में पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष संजय चोपड़ा के संयोजन तथा धर्मशाला रक्षा समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ की अध्यक्षता में बिरला घाट पर एक विशेष बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित कुंभ मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कुंभ मेला-2027 को दिव्य एवं भव्य स्वरूप देने के लिए हरिद्वार को सजाने-संवारने की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान गंगा तट के आसपास स्थित भवनों के स्वामियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मेला प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए अभियान में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि आगामी कुंभ मेला-2027 से पहले सरकार के निर्देशन में धर्मनगरी हरिद्वार को पीले रंग से सजाने-संवारने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल को लेकर धर्मशालाओं, आश्रमों, मठ-मंदिरों और अन्य भवनों के स्वामियों ने सकारात्मक सहमति जताई है, जो स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की विश्वभर में विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है। कुंभ मेला-2027 को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सभी सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों को भी अपनी ओर से पहल करते हुए प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।

पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि कुंभ मेला प्रशासन द्वारा हरिद्वार में कराए जा रहे विकास कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने बिरला घाट के समीप संत शिरोमणि गुरु रविदास घाट का निर्माण कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया से संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के अनुयायी श्रद्धा और भक्ति के साथ मां गंगा के दर्शन एवं स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी आस्था और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कुंभ मेला प्रशासन को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के नाम पर एक घाट विकसित करने के साथ ही स्मृति स्तंभ स्थापित करने पर भी विचार करना चाहिए।
धर्मशाला रक्षा समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ ने धर्मनगरी को सजाने-संवारने की मेला प्रशासन की पहल का स्वागत किया। उन्होंने समिति के सभी मंडलों की ओर से मेला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए अभियान में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज संप्रदाय समिति के प्रबंधक राजकुमार डोंगर, गौरव भारद्वाज, शिव कुमार शर्मा, रमेश मिड्ढा, कुंवर सेन, उत्तम, नरेश, हीरालाल शर्मा, संजय मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, गंगा प्रसाद, रविन्द्र भट्ट, मोहन, राजेन्द्र गौड़, पंडित मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया,, पंडित कृष्ण प्रसाद, मोहनलाल और जय सिंह सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



