
*निमंत्रण पत्र में ‘राठी चौक’ नाम दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा और आरोपों का दौर
*परितोष त्यागी ने क्षेत्रीय विधायक,नगर निगम की महापौर तथा संबंधित अधिकारियों से नाम परिवर्तन की स्थिति को स्पष्ट करने की मांग की
हरि न्यूज
हरिद्वार। भूपतवाला क्षेत्र स्थित दूधाधारी चौक के नाम को लेकर इन दिनों चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। आगामी 21 सितंबर को व्यापार मंडल की एक इकाई के प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह के निमंत्रण पत्र में दूधाधारी चौक के स्थान पर ‘राठी चौक’ नाम दर्ज किए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर नाम परिवर्तन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
निमंत्रण पत्र में ‘राठी चौक’ नाम दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस विषय को लेकर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि यदि चौक का नाम वास्तव में बदला गया है तो इसके लिए संबंधित स्तर पर क्या प्रक्रिया अपनाई गई और इसकी आधिकारिक पुष्टि किस आदेश के आधार पर हुई।

उक्त मामले को लेकर यूथ कांग्रेस के महानगर उपाध्यक्ष परितोष त्यागी (मयंक) ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर नाम परिवर्तन को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दूधाधारी चौक लंबे समय से इसी नाम से जाना जाता रहा है। उनके अनुसार, 9 सितंबर 2026 को मेला प्रशासन की बैठक और सड़क नवीनीकरण से संबंधित खबरों में भी इस स्थान का उल्लेख ‘दूधाधारी चौक’ के रूप में किया गया था।
परितोष त्यागी ने कहा कि दूधाधारी चौक क्षेत्र की सामाजिक और धार्मिक पहचान से जुड़ा हुआ है तथा दूधाधारी से संबंधित संस्थाओं और सेवा कार्यों की भी यहां पुरानी पहचान रही है। उन्होंने निमंत्रण पत्र में ‘राठी चौक’ नाम दर्ज होने पर सवाल उठाते हुए पूछा कि नाम परिवर्तन का निर्णय कब और किस स्तर पर लिया गया।
परितोष त्यागी ने क्षेत्रीय विधायक,नगर निगम की महापौर तथा संबंधित अधिकारियों से यह स्पष्ट करने की मांग की कि क्या चौक का नाम बदलने से पहले स्थानीय लोगों या संबंधित संस्था से राय ली गई थी। साथ ही उन्होंने नगर निगम की बैठक में प्रस्ताव पारित होने और किसी आधिकारिक आदेश जारी होने की जानकारी सार्वजनिक किए जाने की मांग की।
सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि चौक का नाम आधिकारिक रूप से बदला गया है तो इसकी अनुमति और आदेश सार्वजनिक किए जाने चाहिए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।
फिलहाल निमंत्रण पत्र में ‘राठी चौक’ नाम दर्ज किए जाने को लेकर चर्चा बनी हुई है। चौक का नाम आधिकारिक रूप से बदला गया है अथवा यह केवल निमंत्रण पत्र में किया गया नामांकन है, इसे लेकर संबंधित नगर निगम और प्रशासन की ओर से आधिकारिक स्थिति सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
