
*मंडावली सीएचसी में मरीजों को मिली निशुल्क चिकित्सा सुविधा
हरि न्यूज
नजीबाबाद। मंडावली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आरोग्य शिविर का आयोजन कर मरीजों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही मरीजों और तीमारदारों को फल वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश सिंह, मंडल महामंत्री सचिन देशवाल, कपिल राजपूत, भाजपा नेता चौधरी ईशम सिंह, अनुज चौधरी, नरपाल सिंह, संजीव राठी, नौबहार सिंह, तरुण चौहान और रेशम सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
मंडल महामंत्री सचिन देशवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लगभग 13 वर्ष तथा देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगभग 12 वर्ष कार्य करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के विकास में योगदान दिया है। इसी क्रम में संगठन और सरकार द्वारा संयुक्त रूप से सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भाजपा नेता चौधरी ईशम सिंह ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सभी लोग अपने घरों के सामने दीप जलाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करें।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में आए मरीजों को चिकित्सा परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा मरीजों और उनके तीमारदारों को फल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में डॉ. संदीप कुमार, फार्मासिस्ट अरुण कुमार शर्मा, लैब टेक्नीशियन कासिम, मरगूब अली, सूर्यांश उपाध्याय, विनीत कुमार, विशाल कुमार आदि का विशेष सहयोग रहा।
