
हरि न्यूज
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम शांतरशाह में सोमवार देर शाम मोटर साइकिल रिपेयरिंग की दुकान में घुसकर 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार 14 सितंबर 2026 को शाम करीब 7:10 बजे ग्राम शांतरशाह निवासी हैप्पी पुत्र राजकुमार (25 वर्ष) अपनी मोटर साइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति, जिनके चेहरे पर सफेद रंग का कपड़ा लिपटा हुआ था, दुकान के अंदर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने हैप्पी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा घायल हैप्पी को तत्काल उपचार के लिए सूर्य देव अस्पताल, शांतरशाह, बहादराबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय, रुड़की भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली और वारदात से जुड़े साक्ष्यों की जांच की।
पुलिस अधिकारियों को अज्ञात हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। हमलावरों की तलाश में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
