
*गणपति बप्पा की आराधना से दूर होते हैं सभी विघ्न : मनोज मंत्री
हरि न्यूज
हरिद्वार। भाटिया भवन में कर्तव्य संस्था के तत्वावधान में आयोजित 12वें गणपति महोत्सव 2026 का विधिवत शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान कर्तव्य संस्था के अध्यक्ष मनोज मंत्री ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर स्थापना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान गणपति का पूजन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
गणपति महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर वातावरण भगवान श्री गणेश के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के समक्ष पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की और विघ्नहर्ता से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
इस अवसर पर कर्तव्य संस्था के अध्यक्ष मनोज मंत्री ने कहा कि भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। जो भी भक्त सच्चे मन, श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान श्री गणेश की आराधना करता है, उसके जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और उसके कार्यों में सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में किसी भी शुभ कार्य अथवा धार्मिक अनुष्ठान का प्रारंभ सर्वप्रथम भगवान श्री गणेश की वंदना एवं पूजन से किया जाता है। भगवान गणेश बुद्धि, विवेक, ज्ञान और शुभता के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि गणपति महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का भी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक विरासत से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
महोत्सव के शुभारंभ पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणेश भक्तों ने भगवान श्री गणेश से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। आयोजकों ने बताया कि गणपति महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर शिवम मिश्रा, अरुण कुमार, अर्जुन सिंह, आराध्य शर्मा, भारत अरोड़ा, किशन बर्थवाल (नन्ना भाई), आदित्य, अनुराग मिश्रा, विकास शर्मा, राकेश भाटिया, ललित सचदेवा, विजय फौजी, चंदू लोधी, राकेश गौड़, गौतम, आचार्य भूपेश कोठारी, आचार्य सुदर्शन, संजय शर्मा तथा पार्षद दीपक शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणेश भक्त एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
