
हरि न्यूज
बिजनौर। अपना दल (एस) ने संगठन को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए तहारपुर इश्कहाक उर्फ गाजीपुर, नजीबाबाद निवासी वंश कुमार प्रजापति पुत्र प्रेम सिंह प्रजापति को छात्र मंच का जिला सचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि वंश कुमार प्रजापति संगठन की नीतियों और विचारधारा को युवाओं एवं छात्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला सचिव पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद वंश कुमार प्रजापति ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपना दल (एस) की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही छात्र एवं युवा वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य करते हुए समाजहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के लिए कार्य किया जाएगा।
वंश कुमार प्रजापति ने कहा कि छात्र और युवा देश के भविष्य हैं। इसलिए युवाओं को शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाने जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि छात्र मंच के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत और लगन से कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
