
हरि न्यूज
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के प्राचीन हनुमान घाट स्थित हनुमान मंदिर के मुख्य महंत रवि पुरी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीहनुमान की सच्चे मन, श्रद्धा और भक्ति भाव से की गई पूजा-अर्चना व्यक्ति के जीवन से कष्टों का निवारण करती है। उन्होंने कहा कि बजरंगबली अपने भक्तों के संकट हरने वाले देव हैं और उनकी कृपा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास, सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार होता है।
महंत रवि पुरी महाराज ने कहा कि भगवान हनुमान की नियमित उपासना, हनुमान चालीसा का पाठ, सुंदरकांड का श्रवण तथा प्रभु श्रीराम के नाम का स्मरण करने से मानसिक तनाव, भय और नकारात्मकता दूर होती है। हनुमान जी अपने भक्तों को साहस, बल, बुद्धि और विवेक प्रदान करते हैं तथा हर कठिन परिस्थिति में उनका मार्गदर्शन करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोगों को आध्यात्मिक जीवन अपनाने की आवश्यकता है। भक्ति, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन को सफल एवं सार्थक बना सकता है। भगवान हनुमान की कृपा से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं और श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
महंत रवि पुरी महाराज ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से मंदिर में दर्शन कर भगवान श्रीहनुमान की आराधना करें तथा अपने जीवन में धर्म, सेवा और मानवता के मूल्यों को अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश फैलाएं।
