
* एक सप्ताह के भीतर सीवर लाइन ओर सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा:सूर्यकांत शर्मा
हरि न्यूज
हरिद्वार।उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र स्थित त्यागी गली में पिछले काफी दिनों से सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गली में टूटी-फूटी सड़क, उखड़े हुए पत्थर और धूल-मिट्टी के कारण लोगों का आवागमन दूभर हो गया है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को दैनिक कार्यों के लिए निकलना मुश्किल हो रहा है।

इस संबंध में श्री माता वैष्णव शक्ति धाम के परमाध्यक्ष एवं निर्वाणी आणि अखाड़ा के प्रतिनिधि सचिव श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के चलते यह समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने बताया कि चार धाम यात्रा और गर्मी के मौसम में हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ जाती है, ऐसे में इस तरह की बदहाल सड़क व्यवस्था से यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य शुरू तो किया गया था, लेकिन उसे बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया,जिससे स्थिति और भी खराब हो गई है।वहीं धूल उड़ने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायत भी दी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जिससे आम जनता को परेशान होना पड़ रहा है।
श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, जिससे सभी को सुविधा मिल सके।

उक्त मामले में क्षेत्रीय नगर निगम पार्षद सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि 106 मीटर लंबी नई सीवर लाइन डाली जा रही हैं जिसपर निरंतर कार्य चल रहा है बीच में एक आश्रम में कार्यक्रम होने के कारण कार्य रोकना पड़ा कल से दोबारा से कार्य शुरू हो जाएगा, एक सप्ताह के भीतर सीवर लाइन ओर सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
