
हरि न्यूज
गाजियाबाद।ब्रिज विहार गाजियाबाद यू.पी. की रहने वाली कवयित्री सोनी रावत को नेपाल में सम्मानित किया गया है। कवयित्री सोनी रावत का मूल निवास स्थान उत्तराखंड है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के अवसर पर कवयित्री सोनी रावत को स्त्री शक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया है।
नेपाल भारत मैत्री विकास, मिथिला तथा अवध सांस्कृतिक पर्यटन विकास, देवनागरी लिपि के संरक्षण संवर्द्धन, हिंदी तथा नेपाली भाषा को मैत्री भाषा के रूप में प्रचार प्रसार करने तथा देश विदेश की विभिन्न क्षेत्र की महिला प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में सोनी रावत को सम्मानित किया गया है।
सोनी रावत जिले की एक प्रसिद्ध लेखिका और कवयित्री हैं, इनकी सैकड़ों रचनाएं विभिन्न पत्रिकाओं तथा संकलनों में प्रकाशित हो चुकी है। साहित्य के क्षेत्र में उनकी बहुमूल्य उपलब्धियों के लिए सोनी रावत को अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक रत्न पुरस्कार 2025 अंतर्राष्ट्रीय आइकन पुरस्कार 2026 और मातृभाषा रत्न अंतर्राष्ट्रीय मानद उपाधि सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया है। सोनी रावत ने स्वयं को एक समर्पित साहित्य प्रेमी के रूप में स्थापित किया है
संस्था के अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु ने सोनी रावत को सम्मानित करते हुए कहा – होनहार प्रतिभा के रूप में सोनी रावत को सम्मानित कर उन्हें गर्व हो रहा है। ऐसी रचनात्मक क्षमता की धनी प्रतिभाओं की राज्य और केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक सहयोग तथा सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है।
कवयित्री सोनी रावत को देश विदेश से दर्जनों प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।
सम्मान ग्रहण करते हुए सोनी रावत ने संस्था को धन्यवाद देते हुए कहा – शब्द प्रतिभा हम सभी साहित्य सर्जकों के लिए वरदान बनकर सामने आया है, संस्था के कार्यों की जितनी प्रशंसा की जाए कम ही है। देश विदेश के हजारों कवि, लेखक, साहित्यकार और शिक्षकों को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने में संस्था की प्रशंसनीय भूमिका रही है। प्रतिभा चयन समिति संयोजक डॉ प्रीति प्रसाद प्रीत ने सम्मानित सभी प्रतिभाओं को बधाई देते हुए भविष्य के आयोजनों में सक्रियता से सहभागी होने के लिए अनुरोध किया है।
