
*व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लंबित विवेचनाओं एवं प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
हरि न्यूज
हरिद्वार।आज क्षेत्राधिकारी नगर हरिद्वार द्वारा कोतवाली श्यामपुर का वर्ष 2026 की प्रथम छमाही का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।
थाना आगमन पर क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, वर्दी एवं साजो-सामान का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, कर्मचारी बैरक, भोजनालय (मेस), आपदा उपकरण कक्ष, थाना परिसर एवं निर्माणाधीन आधुनिकीकरण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
क्षेत्राधिकारी द्वारा थाना कार्यालय एवं सीसीटीएनएस कार्यालय में विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का निरीक्षण कर लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं त्वरित निस्तारण करने तथा अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए।
मालखाने में रखे माल एवं संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए उनके उचित रखरखाव एवं अभिलेखीकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा शस्त्रों की सुरक्षित हैंडलिंग, खोलने-बंद करने एवं रखरखाव का अभ्यास किया गया। शस्त्रों के प्रयोग एवं रखरखाव के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए।
थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, कर्मचारी बैरक, महिला हेल्प डेस्क एवं भोजनालय (मेस) का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के उपरांत क्षेत्राधिकारी द्वारा थानाध्यक्ष एवं समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण के साथ बैठक की गई।
क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सभी उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षकों को लंबित विवेचनाओं एवं प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर 60 से 90 दिवस की निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
आगामी त्योहारों एवं मेलों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने, रात्रि गश्त एवं पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मधुर एवं शालीन व्यवहार करने तथा पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं तत्परता के साथ निर्वहन करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
