
हरि न्यूज
नजीबाबाद। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के दौरान रम्पुरा, नजीबाबाद के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में महाकाल राष्ट्रीय सेवा ट्रस्ट ने मेला प्रशासन और मेला समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ट्रस्ट के राष्ट्रीय सचिव एवं समाजसेवी अमर सैनी ने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अमर सैनी ने आरोप लगाया कि गंगा स्नान मेले के दौरान घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। गहरे पानी की जानकारी देने वाले चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए और न ही पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती की गई थी। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई होती तो संभवतः इस दुखद घटना को टाला जा सकता था।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
अमर सैनी ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन समय रहते घटना का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई नहीं करता है तो महाकाल राष्ट्रीय सेवा ट्रस्ट न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। ट्रस्ट की ओर से दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।



