
मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार को सौंपा ज्ञापन, सफाई कर्मचारियों और कूड़ा निस्तारण वाहनों की संख्या बढ़ाने की भी मांग
हरि न्यूज
हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शहर में लगे अवैध होर्डिंग हटाने, आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा वार्डों में सफाई कर्मचारियों और कूड़ा निस्तारण वाहनों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
सुनील सेठी ने कहा कि शहर के विभिन्न तिराहों, चौराहों, डिवाइडरों, सर्विस लेन और हाईवे के आसपास कई स्थानों पर ऐसे होर्डिंग लगे हुए हैं, जो तेज बारिश और हवाओं के दौरान गिरकर राहगीरों के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने नगर निगम से बिना अनुमति अथवा राजस्व दिए लगाए गए अवैध होर्डिंग की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि हरकी पैड़ी, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, भूपतवाला, सप्तऋषि और कनखल सहित शहर के कई क्षेत्रों में आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है। सड़कों पर पशुओं के जमावड़े से यातायात प्रभावित होने के साथ राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नगर निगम से अभियान चलाकर इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
सुनील सेठी ने वार्डों में बढ़ती आबादी और निर्माण गतिविधियों के मद्देनजर सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि कई बड़े वार्डों में सफाई कर्मचारियों पर अधिक क्षेत्र में कार्य करने का दबाव रहता है। इसी प्रकार कई क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण वाहनों को एक दिन में दो से तीन चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में जनसंख्या और यात्री बाहुल्य क्षेत्रों के आधार पर सफाई कर्मचारियों तथा कूड़ा निस्तारण वाहनों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में भगीरथ प्रजापति, रवि बांगा, लालजी यादव, देवेंद्र गोयल, सोनू चौधरी, अभिनव कुमार और राकेश सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
