
*कोतवाली नगर पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी को टिबड़ी रोड रेलवे कॉलोनी तिराहे से दबोचा
हरि न्यूज
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में महिला की बहू पर फायरिंग किए जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
पुलिस के अनुसार, कार्यशाला गैराज, नगर निगम मायापुर निवासी एक महिला ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि लक्की और उसके साथी कबीर ने उसकी बहू पर फायरिंग की, जिससे उसे चोट आई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को आरोपी कबीर पुत्र किशोर, निवासी गंगा आर्यनगर जलालाबाद, थाना भवन, जनपद शामली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था।
घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे आरोपी लक्की की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश और सुरागरसी-पतारसी कर रही थी। इसी दौरान 23 सितंबर 2026 को पुलिस ने लक्की पुत्र संजू कुमार, निवासी राजीव बस्ती, थाना कोतवाली नगर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष को टिबड़ी रोड की ओर जाते समय रेलवे कॉलोनी तिराहे से हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
लक्की पुत्र संजू कुमार, निवासी राजीव बस्ती, थाना कोतवाली नगर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष।
अभियोग:
मु0अ0सं0 522/2026, धारा 109(1), 127(2) बीएनएस एवं बरामदगी के आधार पर धारा 3/25 आर्म्स एक्ट।
बरामदगी:
एक तमंचा 315 बोर।
पुलिस टीम में:
– कुन्दन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर हरिद्वार
– व0उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाड़ी
– उ0नि0 ऋषिकांत पटवाल
– कानि0 नापु आनन्द तोमर
– कानि0 नापु रमेश सिंह
