
*नगर निगम वार्ड नंबर एक में लाखों की लागत से निर्माण हुआ नाला भी जल भराव की समस्या को दूर नहीं कर पाया स्थानीय लोगों में रोष
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में नगर निगम वार्ड नंबर 1 स्थित सप्तसरोवर मार्ग पर लगातार हो रहे जलभराव ने क्षेत्रवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। वर्षाकाल के दौरान प्रतिदिन उत्पन्न होने वाली जलभराव की समस्या से स्थानीय नागरिक, दुकानदार, स्कूली बच्चे एवं राहगीर भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सप्तसरोवर मार्ग पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मामूली बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व हुई भारी बारिश के दौरान इसी क्षेत्र में जलभराव के बीच करंट लगने से एक संत की मृत्यु हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि प्रशासन और संबंधित विभाग समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए तत्काल कदम उठाएंगे, लेकिन आरोप है कि घटना के बाद भी क्षेत्र की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
वर्तमान में लगातार जलभराव के कारण क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। कई परिवारों को आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है, वहीं छोटे बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया है। सड़क पर भरे पानी और कीचड़ के कारण अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जलभराव का असर स्थानीय व्यापार पर भी दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर पानी भरने और कीचड़ फैलने के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्रवासी कई बार आवाज उठा चुके हैं।
समस्या से आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने कीचड़ और जलभराव के बीच खड़े होकर प्रदर्शन किया तथा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आपदा जैसी परिस्थितियों में क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कोई गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं नगर निगम से सप्तसरोवर मार्ग पर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने तथा बिजली के खुले एवं असुरक्षित तारों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो उन्हें बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के वादे करने वाले जनप्रतिनिधियों से अब जनता जवाब मांग रही है और समय आने पर क्षेत्र की जनता अपने सवालों का जवाब भी देगी।
प्रदर्शन करने वालों में दिव्यम यादव,गोपाल निषाद,हरिनारायण,सीताराम तोमर,आदित्य तोमर,राजा तोमर,राजपाल,सागर अवस्थी उपस्थित रहे।
