
हरि न्यूज
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के तहत शनिवार एवं 30 अगस्त 2026 को जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने रिटेल स्टोरों, ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, डेरियों तथा किराना दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच की। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु एकत्र किए गए, जबकि कई प्रतिष्ठानों एवं खाद्य कारोबारकर्ताओं को अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा शिवालिक नगर क्षेत्र में स्थित रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान देशी घी, मैदा, साबुत काली मिर्च एवं पोहा सहित चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। पोहा निर्माता कम्पनी पंसारी इण्डस्ट्रीज, नई दिल्ली को लेबल पर निर्माता कम्पनी का नाम एवं पता अंकित न करने, स्कैन कोड में गलत निर्माता का नाम अंकित होने तथा लेबल पर किए गए हेल्थ क्लेम को लेकर नोटिस जारी किया गया।
वहीं मैदा निर्माता कम्पनी ग्रो मोर स्पाइसेज एण्ड पल्सेस, गुरुग्राम, हरियाणा को मैदा के लेबल पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं करने के कारण नोटिस जारी किया गया।
ज्वालापुर, आर्यनगर एवं रानीपुर मोड़ क्षेत्र में स्थित रिटेल स्टोरों के साथ ही ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जेप्टो (Zepto) का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कम्पनी द्वारा मौके पर फूड लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा वेयरहाउस से संबंधित अनिवार्य दस्तावेज, जिनमें कर्मचारियों के मेडिकल संबंधी दस्तावेज एवं पेस्ट कंट्रोल आदि शामिल हैं, भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। निरीक्षण के दौरान कई खाद्य पदार्थों के लेबल पर निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि अपठनीय पाई गई, जिस पर कम्पनी को मौके पर नोटिस जारी किया गया। यहां से खाद्य तेल, सूजी, जूस एवं अन्य तेल उत्पाद सहित चार खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय द्वारा रुड़की शहर के सिविल लाइन्स क्षेत्र में रिटेल स्टोरों एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य तेल, चायपत्ती एवं देशी घी के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं एवं अनिवार्य दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं करने पर दो खाद्य कारोबारकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार द्वारा भगवानपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित रिटेल दुकानों का निरीक्षण किया गया। यहां बेसन, सूजी, नमकीन, बिस्कुट, चायपत्ती एवं खाद्य तेल सहित कुल छह खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिए गए।
इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव द्वारा झबरेड़ा एवं नारसन क्षेत्र में स्थित रिटेल दुकानों तथा डेरियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मावा एवं देशी घी के दो नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारकर्ताओं में सतर्कता देखी गई। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी इस प्रकार के विशेष निरीक्षण एवं जांच अभियान जारी रहेंगे। प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

