
28 अगस्त का आंशिक चंद्रग्रहण भारत में नहीं आएगा नजर, राहुकाल को छोड़कर पूरे दिन बांधी जा सकेगी राखी
हरि न्यूज
हरिद्वार। रक्षाबंधन पर्व पर चंद्रग्रहण और भद्रा को लेकर लोगों में बनी असमंजस की स्थिति को लेकर ज्योतिषाचार्य पंडित रितेश कुमार तिवारी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि 28 अगस्त को पड़ने वाला आंशिक चंद्रग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। इसलिए इसका सूतक काल भी भारत में मान्य नहीं होगा और रक्षाबंधन पर्व पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। आचार्य रितेश ने बताया कि इस बार रक्षाबंधन के दिन भद्रा भी नहीं रहेगी। ऐसे में बहनें पूरे दिन राहुकाल को छोड़कर भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रातः 5:57 से 9:48 बजे तक तथा दोपहर 1:52 से शाम 4:35 बजे तक राखी बांधने और नई जनेऊ धारण करने का श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा। वहीं प्रातः 10:46 बजे से दोपहर 12:22 बजे तक राहुकाल रहेगा। इस अवधि में रक्षा सूत्र बांधने एवं अन्य शुभ कार्यों से बचने की सलाह दी गई है।
