
*कांवड़ मेला सेल के 13 पुलिसकर्मियों सहित पांच महिला पुलिसकर्मी बनीं ‘मैन/वूमेन ऑफ द मंथ’
*सैनिक सम्मेलन में एसएसपी नवनीत सिंह ने सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं, अधिकांश का मौके पर किया समाधान

हरि न्यूज
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस बल की अहम भूमिका रही। मेले के सफल समापन के बाद मंगलवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जनपद के विभिन्न थानों, शाखाओं, कार्यालयों एवं पुलिस लाइन से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग कर अपनी पारिवारिक एवं विभागीय समस्याएं कप्तान के समक्ष रखीं।

सम्मेलन की शुरुआत में एसएसपी नवनीत सिंह ने कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल एवं सफल आयोजन के लिए सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला एक बड़े स्तर का आयोजन था, जिसे सफल बनाने में प्रत्येक पुलिसकर्मी ने टीम भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इतनी बड़ी चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।
इसके बाद एसएसपी ने सम्मेलन में उपस्थित पुलिसकर्मियों से उनकी कुशलक्षेम पूछी और पारिवारिक तथा विभागीय परेशानियों की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों द्वारा बताई गई अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

36 पुलिसकर्मी बने कप्तान की पसंद
सैनिक सम्मेलन के दौरान कांवड़ यात्रा के सफल संचालन तथा अन्य अपराधों के अनावरण में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह ने जुलाई 2026 के लिए चयनित कुल 36 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में कांवड़ मेला सेल में तैनात 13 पुलिसकर्मी भी शामिल रहे, जिन्होंने कांवड़ मेले के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं में अहम योगदान दिया।

इन पुलिसकर्मियों को मिला ‘मैन/वूमेन ऑफ द मंथ’ सम्मान
कोतवाली नगर से उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल, कोतवाली श्यामपुर से कांस्टेबल संदीप रावत, कोतवाली ज्वालापुर से कांस्टेबल नरेंद्र राणा एवं रवि चौहान, कोतवाली रानीपुर से कांस्टेबल प्रेम सिंह दानू, कोतवाली सिडकुल से हेड कांस्टेबल विवेक यादव, कोतवाली गंगनहर से कांस्टेबल राकेश राणा तथा कोतवाली झबरेड़ा से कांस्टेबल प्रदीप बिष्ट को सम्मानित किया गया।
कोतवाली कलियर से अपर उपनिरीक्षक कुन्दन एवं कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, कोतवाली लक्सर से उपनिरीक्षक दीपक चौधरी, सीआईयू रुड़की से कांस्टेबल आशीष शर्मा, यातायात हरिद्वार से उपनिरीक्षक मोहित सिंह रौथाण, सीपीयू हरिद्वार से उपनिरीक्षक नीरज मेहरा तथा यातायात रुड़की से कांस्टेबल लवकेश मौर्य को भी सम्मान मिला।
अभिसूचना इकाई हरिद्वार से महिला उपनिरीक्षक खुशबू, फायर स्टेशन रुड़की से फायरमैन रविन्द्र कुमार, दूरसंचार से कांस्टेबल अतुल कुमार, पुलिस लाइन हरिद्वार से अपर उपनिरीक्षक विक्रम तोमर तथा 46वीं वाहिनी पीएसी ए दल से कांस्टेबल सुमित राणा को भी ‘मैन/वूमेन ऑफ द मंथ’ के लिए चुना गया।
सीएम हेल्पलाइन से महिला कांस्टेबल उर्मिला एवं महिला कांस्टेबल पुष्पा तथा वाचक शाखा से महिला कांस्टेबल सुरैया को भी सम्मानित किया गया।
कांवड़ मेला सेल की टीम ने निभाई अहम जिम्मेदारी
कांवड़ मेला सेल से निरीक्षक उमेश कुमार, उपनिरीक्षक पुनित दानोशी, अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल महेन्द्र, दीपक डबराल, राजेश, दीपक दानू, पंकज, विनय उनियाल, कमल, सुनील, नत्थी एवं कांस्टेबल कविता को सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को इसी प्रकार प्रोत्साहित किया जाता रहेगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी इसी समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
