
हरि न्यूज
हरिद्वार, 23 अगस्त। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पूर्व बी.टेक. प्रथम वर्ष के लगभग 100 विद्यार्थियों के लिए उत्साहपूर्ण शारीरिक फिटनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने फिजिकल फिटनेस क्लास, सूक्ष्म व्यायाम एवं रस्साकशी प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

रस्साकशी प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को कुल आठ टीमों में विभाजित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए साउथ योद्धा टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम के प्रतिभागियों में राम चरन, एम. साई किशोर, महिंद्रा सिंह, बी. साई हर्षिद्र, विश्वजीत, ओजस्वी कुमार, लक्ष्मी वर्धन एवं धरनिथरा विग्नेश आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. धर्मेंद्र बालियान के साथ बी.टेक. के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। आयोजन टीम में ध्रुव शर्मा (तृतीय वर्ष), हर्ष सिंह (चतुर्थ वर्ष), राघव श्रीवत्स, बैभव राज, अनुराग सिंह चौहान, आयुष त्यागी, चिराग एवं जतिन शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. मयंक कुमार अग्रवाल के माध्यम से सभी विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं विजेता टीम को हार्दिक बधाई देते हुए विद्यार्थियों को शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन एवं टीम भावना को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में उत्साह, सहयोग, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया। जन्माष्टमी के पूर्व आयोजित इस आयोजन से विद्यार्थियों के बीच उमंग और उल्लास का वातावरण बना रहा।
