
*विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर हरिद्वार में शहीदों को दी श्रद्धांजलि
*राष्ट्रीय पंजाबी महासभा ने श्री गुरुनानक देव जी घाट पर अरदास कर मां गंगा में पुष्प अर्पित किए,वरिष्ठ पंजाबियों का किया सम्मान
हरि न्यूज
हरिद्वार। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी के संयोजन में शुक्रवार को 14 अगस्त को श्री गुरुनानक देव जी घाट पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले असंख्य लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में ज्ञानी सोहन सिंह के साथ सभी उपस्थित लोगों ने अरदास की और मां गंगा में पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्माओं की शांति तथा देश की एकता, अखंडता एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने वरिष्ठ समाजसेवी हरमोहन सिंह सहित कई वरिष्ठ पंजाबियों एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। महासभा की ओर से शीघ्र ही हरिद्वार के गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान शुरू करने की घोषणा भी की गई।

इस अवसर पर सुनील सेठी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को 1947 के भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और अपने प्राण गंवाने वाले लोगों की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद वर्ष 2021 से इस दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विभाजन के दौरान पीड़ित परिवारों के संघर्ष और दर्द को स्मरण करने के साथ-साथ समाज में एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
वरिष्ठ पंजाबी समाजसेवी हरमोहन सिंह एवं वरिष्ठ पंजाबी नेता हरविंद्र सिंह ने कहा कि भारत विभाजन मानव इतिहास की बड़ी त्रासदियों में से एक था। विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा और भारी जनहानि हुई। उन्होंने कहा कि एक ओर देश आजादी का जश्न मना रहा था, वहीं दूसरी ओर असंख्य परिवार विभाजन की पीड़ा और अपनों को खोने के दर्द से गुजर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन सभी परिवारों और दिवंगत आत्माओं को स्मरण करने का अवसर है। अरदास के माध्यम से सभी ने मां गंगा से देश की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में सतनाम सिंह, संजीव सहगल, अर्पण ग्रोवर, अजय अनेजा, लक्की अनेजा, गिरीश भाटिया, वरुण भाटिया, महिंदर सिंह भाटिया, उज्जवल सिंह, अमरपाल सिंह, इकबाल सिंह, हरीश भाटिया, अभिनव, लव, कुश, हेमलता सिंह, आरती अरोड़ा, प्रिया सेठी, रजनी अरोड़ा, हेमा सिंह, कुसुम अरोड़ा, राकेश अरोड़ा, राजेश सिंह, कुलदीप सिंह, हरविंद्र सिंह, अमित बजाज सहित सैकड़ों पंजाबी समाज के लोग मौजूद रहे।
