
हरि न्यूज
हरिद्वार,12 जुलाई। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय,हरिद्वार में आर्य वीर दल एवं आर्या वीरांगना दल का 13 जुलाई तक आयोजित आवासीय प्रशिक्षण शिविर अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। शिविर के छठे दिन उत्तर भारत के विभिन्न जनपदों एवं शिक्षण संस्थानों से आए प्रशिक्षणार्थियों को उपनयन संस्कार, वैदिक यज्ञ, बौद्धिक सत्रों तथा विद्वानों के प्रेरक व्याख्यानों के माध्यम से नैतिक, मूल्यपरक एवं राष्ट्रनिष्ठ जीवन के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के दौरान पांच कुंडीय वैदिक यज्ञ के साथ 200 आर्य वीरों का उपनयन संस्कार वैदिक विधि-विधान से प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अपने दीक्षा उपदेश में उन्होंने उपनयन संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सत्य, सदाचार, सेवा, संयम और राष्ट्रभक्ति जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चरित्र निर्माण ही वास्तविक शिक्षा का आधार है और सुदृढ़ चरित्र वाला व्यक्ति ही समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उपनयन संस्कार के उपरांत सभी 200 आर्य वीरों एवं आर्या वीरांगनाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नशामुक्त, दुर्व्यसनमुक्त, शाकाहारी एवं सात्विक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

मुख्य वक्ता डॉ. नरेंद्र आर्य ने अपने बौद्धिक सत्र में कहा कि केवल धन या शिक्षा प्राप्त कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चरित्र ही जीवन को सही दिशा और स्थायी सफलता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि चरित्रवान व्यक्ति के चेहरे पर तेज, मन में दृढ़ संकल्प और आत्मा में परम आनंद का वास होता है।
प्रातःकालीन सत्र में चरित्र निर्माण एवं कार्यकुशलता पर आधारित बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि सायंकालीन सत्र में शारीरिक प्रशिक्षण के अंतर्गत आर्य वीरों एवं वीरांगनाओं ने आत्मरक्षा, दंड संचालन, शस्त्र संचालन तथा नियमित व्यायाम का अभ्यास किया। प्रशिक्षकों ने जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा समाज के मार्गदर्शक बनने के लिए आवश्यक कौशल भी सिखाए। सभी प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रत्येक सत्र में सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप वेदालंकार, डॉ. अंकित कुमार एवं डॉ. मनोज कुमार ने किया, जबकि सह-संचालन डॉ. मयंक पोखरियाल ने किया। इस अवसर पर भोजन एवं आवास व्यवस्था प्रमुख प्रो. नितिन काम्बोज, डॉ. आशीष धमान्दा, डॉ. भारत वेदालंकार, डॉ. कपिल देव शास्त्री, डॉ. बबीता शर्मा, डॉ. दीपिका, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवकुमार चौहान, प्रचार सह-प्रमुख कुलभूषण शर्मा एवं हेमंत सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शिविर में आर्य वीर दल के प्रशिक्षक दिनेश वैदिक, बॉबी आर्य, धर्मवीर आर्य, दिनेश आर्य, मनप्रीत आर्य एवं इंदर आर्य ने प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं आर्या वीरांगना दल की प्रशिक्षिकाओं कोमल आर्या, राखी आर्या, पूजा आर्या एवं काजल आर्या ने आत्मरक्षा, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण देकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
