
हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने फर्जी करेंसी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एस पी सिटी अभय प्रताप सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने फर्जी करेंसी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.10 लाख रुपये के नकली नोट, नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर तथा एक कार बरामद की है।
गौरतलब है कि 6 जुलाई 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार को 84,500 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। न्यायालय के आदेश पर चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान 10 जुलाई को न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने पर टिंकू और सुमित से पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस टीम पंजाब पहुंची, जहां पठानकोट हाईवे स्थित एक ढाबे से पवन कुमार को 5,000 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सुखबीर सिंह को 1 लाख रुपये के नकली नोट, नकली नोट तैयार करने में प्रयुक्त प्रिंटर तथा एक वरना कार सहित गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पवन कुमार ढाबा संचालन और सुखबीर सिंह कपड़ों के व्यवसाय की आड़ में नकली करेंसी का कारोबार चला रहे थे। दोनों असली 50 हजार रुपये के बदले 1 लाख रुपये के नकली नोट देकर अवैध लाभ कमाते थे।
जांच में यह भी पता चला कि सुखबीर सिंह वर्ष 2020 में बैंक धोखाधड़ी तथा वर्ष 2024 में जाली करेंसी के मामले में पंजाब से जेल जा चुका है। वहीं पवन कुमार वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल गया था। जेल में दोनों की मुलाकात हुई, जिसके बाद उन्होंने नकली नोटों का नेटवर्क तैयार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल, हेड कांस्टेबल संजय पाल, हेड कांस्टेबल सतीश नौटियाल, कांस्टेबल सुनील चौहान और कांस्टेबल अजीत तोमर की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
