
अंडर-9 में नक्ष चौहान और अंडर-13 में ध्रुव विश्नोई बने राज्य चैंपियन, हरिद्वार का बढ़ाया मान

हरि न्यूज
हरिद्वार।उत्तराखंड शतरंज जगत के लिए इस वर्ष की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कई मायनों में विशेष रही। पहली बार हरिद्वार के दो युवा खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड स्टेट शतरंज चैंपियनशिप 2026 के खिताब अपने नाम किए हैं।
रुद्रपुर में आयोजित 20वीं उत्तराखंड स्टेट शतरंज चैंपियनशिप में नक्ष चौहान ने अंडर-9 ओपन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर लगातार दूसरी बार राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं ध्रुव विश्नोई ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए अंडर-13 ओपन वर्ग में राज्य चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
विशेष बात यह रही कि दोनों खिलाड़ियों ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए अनुभवी एवं उच्च रेटेड खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। लंबे समय तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अन्य जिलों के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिलता रहा है, लेकिन इस वर्ष हरिद्वार के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
दोनों खिलाड़ी उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन तथा विक्ट्री क्लासेज की शतरंज प्रशिक्षण इकाई ‘शतरंज चैस क्लासेस’ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस सफलता पर प्रशिक्षक डॉ. मुकुल बेंजवाल तथा प्रशिक्षक राहुल बत्रा ने प्रसन्नता व्यक्त की।
डॉ. मुकुल बेंजवाल ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता का वास्तविक श्रेय उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उनके अभिभावकों के सहयोग को जाता है। कोच केवल मार्गदर्शन दे सकते हैं, लेकिन बोर्ड पर सही निर्णय लेना और दबाव में प्रदर्शन करना खिलाड़ियों की अपनी क्षमता और मेहनत का परिणाम होता है।
राज्य चैंपियन बनने के बाद दोनों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। अब पूरे हरिद्वार और उत्तराखंड की निगाहें इन युवा खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन पर टिकी हैं।
इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं शतरंज समुदाय ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
