
मिट्टी चोरी की शिकायत की जांच करने गए थे जिला खनन अधिकारी
हरि न्यूज
हरिद्वार। मोतीचूर क्षेत्र में नाले की खुदाई से निकली मिट्टी के कथित अवैध उठान की शिकायत की जांच करने पहुंचे जिला खनन अधिकारी पर उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। मामले को लेकर यूकेडी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की गई है।

गोकुल सिंह रावत ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने प्रशासन को शिकायत देकर अवगत कराया था कि मोतीचूर रेलवे स्टेशन के बाहर खोदे गए नाले से निकाली जा रही मिट्टी बिना अनुमति के उठाकर एक आश्रम की खाली पड़ी भूमि में डाली जा रही है। उनका आरोप है कि संबंधित लोग उक्त मिट्टी को हाईवे के निर्माणाधीन कार्य में उपयोग किए जाने की बात कह रहे थे। राजाजी टाइगर रिजर्व और नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम मयूर दीक्षित ने जिला खनन अधिकारी काजिम रजा मंगलवार को मौके पर भेजकर जांच करने के निर्देश दिए। गोकुल रावत के अनुसार उन्होंने अधिकारी को वह स्थान दिखाया जहां मिट्टी डाली जा रही थी तथा मामले में कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि इस दौरान जिला खनन अधिकारी ने जांच करने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद एक मीडियाकर्मी द्वारा कवरेज किए जाने पर अधिकारी नाराज हो गए और उसका मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास किया।
गोकुल सिंह रावत का कहना है कि उन्होंने स्वयं को राज्य आंदोलनकारी और यूकेडी का जिलाध्यक्ष बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की, लेकिन अधिकारी ने उनकी बात नहीं सुनी और बिना पैमाइश किए ही मौके से लौट गए। इसके बाद यूकेडी कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। गोकुल रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए हमने सीने पर गोलियां खाईं हैं, यहां अफसरशाही नहीं चलेगी। जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से जिला खनन अधिकारी के आचरण की जांच कर कार्रवाई करने तथा मिट्टी चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाने की मांग की है।
उधर, घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है।
