
हरि न्यूज
हरिद्वार। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर पड़ रही सोमवती अमावस्या को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और पुण्य लाभ अर्जित करने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। शनिवार से ही तीर्थयात्रियों के आगमन का सिलसिला तेज हो गया, जिसके चलते हर की पैड़ी सहित प्रमुख घाटों और मंदिरों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
सोमवती अमावस्या के महत्व को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। दोनों अधिकारी मेला क्षेत्र, घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों का लगातार निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सेवाओं तथा आपदा प्रबंधन के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ड्रोन कैमरों से भी भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर निकटतम सहायता केंद्र या पुलिस कर्मियों से संपर्क करें। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से सोमवती अमावस्या का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगा।
हरिद्वार में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गंगा तटों पर श्रद्धालु स्नान, पूजन और दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं, वहीं प्रशासन पूरी तत्परता के साथ श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में जुटा हुआ है।
