
हरि न्यूज
लक्सर।भारतीय जनता पार्टी के जिला नेतृत्व द्वारा एक बार फिर भरोसा जताते हुए रेनू शर्मा को लक्सर नगर मंडल महिला मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके दोबारा इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त होने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है।
रेनू शर्मा के पुनः नगर मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पवन कपूर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीराम सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता सचिन गुप्ता, राहुल अग्रवाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत कर अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार भी किया।

इस मौके पर महिला मोर्चा की नवनियुक्त अध्यक्ष रेनू शर्मा ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को और अधिक मजबूत बनाना, महिलाओं को पार्टी की नीतियों से जोड़ना और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए वह पूरी ताकत के साथ कार्य करेंगी।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पवन कपूर ने कहा कि रेनू शर्मा एक सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने पहले भी अपने कार्यकाल में महिला मोर्चा को मजबूत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा नई ऊंचाइयों को छुएगा और पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में भाजपा को विजय दिलाने का संकल्प लिया।
