
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार स्थित प्रख्यात धार्मिक संस्था संत मंडल आश्रम, भीमगोड़ा में परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी राममुनि महाराज के सानिध्य में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का भव्य समापन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर आश्रम परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर रहा।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी राममुनि महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मनुष्य को बैकुंठ धाम का मार्ग दिखाती है और जीवन के कल्याण का माध्यम बनती है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से व्यक्ति के भीतर आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है और जीवन की दिशा सकारात्मक बनती है।
कथा व्यास के रूप में राजकोट (गुजरात) से पधारे दरशन महत्ता ने सात दिनों तक श्रद्धालु भक्तों को कथा का रसपान कराया। उन्होंने कहा कि मां गंगा के पावन तट पर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण अत्यंत पुण्यदायी होता है। इसके प्रभाव से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है और जीवन के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं।

कथा के मुख्य यजमान के रूप में प्रताप भाई वांक काठी एवं उनका परिवार विशेष रूप से उपस्थित रहा और उन्होंने पूरे आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर संतों-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धालुओं ने अपने जीवन को धन्य माना। आयोजन के अंत में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
