
हरि न्यूज
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय की शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन के चुनाव शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी मृदुल कौशिक तथा उपचुनाव अधिकारी गोविंद सिंह चौहान के निर्देशन में सम्पन्न कराई गई। चुनाव परिणामों में रविकांत मलिक अध्यक्ष, फ़क़ीर चंद महामंत्री तथा सज्जन सिंह कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किए गए।

चुनाव अधिकारी मृदुल कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए रविकांत मलिक और जितेंद्र कुमार वर्मा के बीच कांटे की टक्कर रही। इसमें रविकांत मलिक को 46 मत प्राप्त हुए, जबकि जितेंद्र कुमार वर्मा को 25 वोट मिले। इस प्रकार रविकांत मलिक ने 21 मतों से विजय प्राप्त कर नया इतिहास रचा।
महामंत्री पद पर फ़क़ीर चंद को 39 तथा योगेश चौधरी को 32 मत प्राप्त हुए। फ़क़ीर चंद ने 7 मतों से जीत दर्ज की। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर सज्जन सिंह को 54 तथा अंकित कुमार को 17 मत प्राप्त हुए। सज्जन सिंह ने 37 मतों के अंतर से विजय हासिल की।

विद्यालय के मुख्य अधिष्ठाता डॉ. दीनानाथ शर्मा ने कहा कि विद्यालय में लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सम्पन्न हुए हैं। उन्होंने नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के विकास हेतु समर्पित होकर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
प्रधानाचार्य डॉ. विजेंद्र शास्त्री ने भी नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय की उन्नति एवं कर्मचारियों के हित में नई टीम सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
अश्विनी कुमार ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय एक ऐतिहासिक एवं गौरवशाली संस्था है। नई कार्यकारिणी संस्था के विकास एवं कर्मचारियों के हितों के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगी।
अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद रविकांत मलिक ने विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरी संस्था की जीत है।
धीरज कौशिक ने कहा कि चुनाव एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसमें सभी लोग मिल-जुलकर संस्था के हित में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य एकजुट होकर विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लें।
इस अवसर पर योगेश शास्त्री सहित विद्यालय के अनेक शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
