
*देश के प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का अभियान है तिरंगा अभियान:सरिता सैनी
हरि न्यूज
बिजनौर। भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री सरिता सैनी ने बिजनौर नगर के नई बस्ती क्षेत्र में घर-घर जाकर तिरंगा झंडे का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
भाजपा महिला मोर्चा जिला मंत्री सरिता सैनी अपने साथियों के साथ नई बस्ती क्षेत्र में पहुंचीं और विभिन्न परिवारों से संपर्क कर उन्हें राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों में भी देशभक्ति और उत्साह का माहौल दिखाई दिया। लोगों ने तिरंगा प्राप्त कर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

इस अवसर पर सरिता सैनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान केवल झंडा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके त्याग के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी लोग अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दें। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
सरिता सैनी ने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को विशेष रूप से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और देशहित के कार्यों में आगे बढ़कर सहभागिता करनी चाहिए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के संबंध में जागरूक किया। क्षेत्रवासियों ने अभियान की सराहना करते हुए देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का संकल्प लिया।

