
*हरकी पैड़ी के ब्रह्मकुंड सहित विभिन्न गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और मंगल कामना के लिए की पूजा-अर्चना
हरि न्यूज
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में वर्ष 2026 के अंतिम प्रमुख गंगा स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी स्थित पवित्र ब्रह्मकुंड सहित हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। तड़के से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष से पूरी धर्मनगरी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी मान्यता के चलते उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मां गंगा की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके साथ ही अनेक श्रद्धालुओं ने देश, प्रदेश और समाज की उन्नति एवं मंगलमय भविष्य के लिए मां गंगा से प्रार्थना की।
हरकी पैड़ी के ब्रह्मकुंड पर श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया तथा जरूरतमंदों को दान-दक्षिणा देकर पुण्य अर्जित किया। वहीं, हरकी पैड़ी के अलावा भीमगोड़ा, सर्वानंद घाट, प्रेमनगर आश्रम घाट, दक्ष घाट, कनखल और अन्य गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ स्नान किया।
कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक महत्व को देखते हुए धर्मनगरी के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। गंगा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और अपने परिवार के साथ इस पावन पर्व को श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाया।
गंगा स्नान मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रमुख गंगा घाटों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आया। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब एक बार फिर मां गंगा के प्रति देशभर के लोगों की अटूट आस्था और सनातन धर्म की धार्मिक परंपराओं का जीवंत प्रमाण बना।



