
*बाल्मीकि चौक के पास से पुलिस ने आरोपी को दबोचा, एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन है पीड़िता
हरि न्यूज
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली नगर क्षेत्र में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल बच्ची का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को जिला अस्पताल हरिद्वार से कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि 11 माह की एक बच्ची को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। बच्ची के गुप्तांग से रक्तस्राव होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम तत्काल अस्पताल पहुंची। परिजनों और चिकित्सकों से बातचीत के दौरान बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पीड़िता का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर 16 नवंबर को कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 646/2026, धारा 5(एल), 5(एम), 6 पॉक्सो अधिनियम एवं धारा 65(2) बीएनएस के तहत सौरभ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिता शर्मा को सौंपी गई।
प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ कुमार (18 वर्ष) पुत्र राजेंद्र दास, निवासी पंचरुखी, थाना शाहकुंड, जिला भागलपुर, बिहार, हाल निवासी विकास इंडस्ट्री, औद्योगिक क्षेत्र हरिद्वार को बाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब 15 दिनों से औद्योगिक क्षेत्र स्थित डी-56 विकास इंडस्ट्री की पाइप फैक्ट्री में काम कर रहा था और फैक्ट्री परिसर में ही पीड़िता के पिता के घर में रहता था। पूछताछ में सामने आया कि 15 नवंबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बच्ची की मां ने उसे खिलाने के लिए आरोपी को सौंपा था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी बच्ची को फैक्ट्री परिसर के एकांत स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता वर्तमान में एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी:
1. कुंदन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर।
2. नंद किशोर गावड़ी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक।
3. उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार।
4. उपनिरीक्षक अनिता शर्मा।
5. उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार।
6. उपनिरीक्षक नवीन नेगी।
7. हेड कांस्टेबल संजीव राणा।
पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।



