
चार लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई, 1.20 लाख रुपये की नकदी और कपड़े बरामद
हरि न्यूज
हरिद्वार।हरिद्वार के श्रवणनाथ नगर में वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत के घर का ताला तोड़कर चार लाख रुपये चोरी करने के मामले का कोतवाली नगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के रहने वाले 25 वर्षीय दविंदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक लाख 20 हजार रुपये की बरामदगी हुई है। इसमें 94 हजार रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदे गए 26 हजार रुपये के कपड़े शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को श्रवणनाथ नगर, हिमालय डिपो वाली गली निवासी वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से चार लाख रुपये चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 555/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश की गई।
पुलिस के अनुसार, लगातार जांच के बाद 18 अक्टूबर को आरोपी दविंदर पुत्र किशोर, निवासी वार्ड नंबर-7, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के साथ धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन और स्मैक का सेवन करता है तथा नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करता था। आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि 7 अक्टूबर को श्रवणनाथ नगर स्थित घर से चोरी की गई रकम का आधे से अधिक हिस्सा उसने नशा खरीदने, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश घूमने तथा अन्य खर्चों में उड़ा दिया।
यह रही पुलिस टीम
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव राणा, कांस्टेबल अमित भट्ट और कांस्टेबल हरीश रतूड़ी शामिल रहे।



