
वैश्विक स्तर पर शोध कार्यों को मिली पहचान,विश्वविद्यालय परिवार ने दी बधाई
हरि न्यूज
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के युवा वैज्ञानिक डॉ. अतुल वार्ष्णेय ने अपनी शोध उपलब्धियों के बल पर विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि उनके निरंतर शोध, वैज्ञानिक चिंतन और अकादमिक योगदान को वैश्विक स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी, कैलिफोर्निया तथा एल्सेवियर द्वारा वैज्ञानिकों के शोध कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर तैयार की जाने वाली सूची में डॉ. वार्ष्णेय को स्थान मिला है। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में हर्ष का माहौल है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने डॉ. अतुल वार्ष्णेय को बधाई देते हुए कहा कि वह विज्ञान एवं शोध के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. वार्ष्णेय भविष्य में भी अपने शोध कार्यों से विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।
कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने डॉ. वार्ष्णेय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इस प्रकार की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शोधपरक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करती हैं।
संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने कहा कि डॉ. अतुल वार्ष्णेय के शोध कार्यों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संकाय की पहचान को मजबूत किया है। उनकी उपलब्धि अन्य शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विपुल शर्मा ने डॉ. वार्ष्णेय को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और शोध के प्रति समर्पण से विभाग का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि से विभाग के अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भी शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
संकाय के सहायक कुलसचिव डॉ. पंकज कौशिक ने डॉ. वार्ष्णेय को शुभाशीष देते हुए कहा कि वह इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन के क्षेत्र में शोध कार्यों के साथ-साथ ऑनलाइन व्याख्यानों के माध्यम से भी ज्ञान का प्रसार कर रहे हैं। देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों के बीच उनके शोध कार्यों को मिली पहचान उनकी निरंतर मेहनत, विषय के गहन अध्ययन और वैज्ञानिक चिंतन को दर्शाती है।
डॉ. अतुल वार्ष्णेय की इस उपलब्धि पर विभाग के डॉ.तनुज गर्ग, डॉ.अनुज शर्मा,डॉ. शिव कुमार सिंह,डॉ.प्रतीक अग्रवाल, डॉ. आशीष नैनवाल,डॉ.गौरव मलिक,अम्बरीष तथा संजय सिंह ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी है



