
ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई,चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी
हरि न्यूज
हरिद्वार। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने ग्राम उदलहेड़ी में हुई चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी किए गए शेष सोने के जेवरात दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा से बरामद कर चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली मंगलौर में दर्ज मुकदमा संख्या 411/2026 के संबंध में आरोपी राहुल को 3 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया गया था। उस दौरान उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के शेष सोने के जेवरात दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखकर ऋण लिया गया था।

जांच में सामने आया कि 7 अगस्त 2026 को उक्त शाखा में जेवरात गिरवी रखकर 2,51,200 रुपये का गोल्ड लोन लिया गया था। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने आरोपी की पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त की और उसकी निशानदेही पर दिल्ली पहुंचकर संबंधित गोल्ड लोन शाखा से चोरी के शेष जेवरात बरामद किए। पुलिस ने शाखा में उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार बरामदगी की कार्रवाई की।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामले में शेष जेवरात भी बरामद हो गए और चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित हुई। पूरी बरामदगी होने पर वादी ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।
बरामद जेवरात
1. पीली धातु की दो अंगूठियां।
2. पीली धातु के दो जोड़ी कानों के कुंडल।
3. पीली धातु की एक नथ।
4. पीली धातु का एक मांग टीका।
5. पीली धातु की एक चेन।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरत शर्मा, कांस्टेबल तेजपाल,कांस्टेबल किशन देव राणा, होमगार्ड सचिन कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।



