
*आधुनिक टाइल्स एवं अन्य सुविधाओं के कार्य पूरे होने के बाद मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों की तस्वीर में दिखाई देगा सकारात्मक बदलाव
हरि न्यूज
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर कुंभ मेला प्रशासन द्वारा हरिद्वार के प्रमुख क्षेत्रों में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गति दी जा रही है। कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशन में कुंभ नगरी के मुख्य बाजारों तथा हरकी पैड़ी क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख गलियों को आधुनिक स्वरूप देने की कवायद तेजी से की जा रही है।

कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में कई स्थानों पर सड़कों एवं गलियों में आधुनिक टाइल्स लगाने सहित अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र की सुविधाओं और स्वरूप में सुधार करना है, ताकि श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।

कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका द्वारा मेला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। मुख्य बाजार और हरकी पैड़ी क्षेत्र की गलियों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किए जाने से इन क्षेत्रों के स्वरूप में बदलाव आने की उम्मीद है। प्रशासन का प्रयास है कि कुंभ मेले से पहले प्रमुख बाजारों, मार्गों और श्रद्धालु आवागमन वाले क्षेत्रों में आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए।
कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका का कहना है कि विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का वास्तविक स्वरूप कार्य पूर्ण होने के बाद सामने आएगा। आधुनिक टाइल्स एवं अन्य सुविधाओं के कार्य पूरे होने के बाद मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों की तस्वीर में सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों में प्रशासन के साथ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और अन्य लोगों की भी सकारात्मक भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि कुंभ मेला 2027 को सफल बनाने के लिए विकास कार्यों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखें और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। कुंभ केवल मेला प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हरिद्वार के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। सभी के सहयोग से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और हरिद्वार की बेहतर छवि प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।
कुंभ मेला 2027 को लेकर चल रहे इन विकास कार्यों से हरकी पैड़ी और मुख्य बाजार क्षेत्र में सुविधाओं के साथ-साथ शहर के स्वरूप में भी बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है। मेला प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और स्थायी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है।



