
*श्री राम नाट्य संस्थान भीमगोड़ा की 69वीं रामलीला के पांचवें दिन फुलवारी लीला,परशुराम तपस्या के साथ भक्ति और संस्कृति का दिखा संगम
हरि न्यूज
हरिद्वार। श्री राम नाट्य संस्थान भीमगोड़ा द्वारा आयोजित 69वें श्री रामलीला मंचन महोत्सव में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। रामलीला मंचन के पांचवें दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ शहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव पाराशर ने विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर रामलीला आयोजन समिति के पदाधिकारियों, व्यापारियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने उपस्थित होकर भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण किया।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पाराशर ने कहा कि भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन त्याग, संयम, सत्य, कर्तव्य और मर्यादा का संदेश देता है। वर्तमान समय में समाज को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र तथा उनके आदर्शों को समझने का अवसर मिलता है।
रामलीला हमारी संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा : विक्की ठाकुर
शहर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विक्की ठाकुर ने कहा कि रामलीला का मंचन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम का चरित्र हमें सत्य के मार्ग पर चलने, बड़ों का सम्मान करने, अपने कर्तव्यों का पालन करने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने श्री राम नाट्य संस्थान भीमगोड़ा के पदाधिकारियों एवं कलाकारों को 69वें रामलीला महोत्सव के आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही यह परंपरा क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रही है।
रामलीला मंचन के दौरान कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ दिया। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से रामलीला परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर शहर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विक्की ठाकुर, सुरेश शर्मा, विपिन शर्मा, पार्षद सुमित चौधरी, व्यापारी नेता आशुतोष वर्मा सहित रामलीला समिति के पदाधिकारी, व्यापारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।



